राजगढ़ कॉलेज में स्टाफ कमी पर छात्रों का विरोध, एसडीएम को गेट पर टांगा ज्ञापन
अलवर जिले के राजगढ़ राजकीय महाविद्यालय में शिक्षकों और वरिष्ठ सहायक के स्थानांतरण को निरस्त कराने तथा शैक्षणिक व प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुधारने की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व छात्रसंघ महासचिव अजीत मीना के नेतृत्व में छात्र रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे, लेकिन एसडीएम के बाहर नहीं आने पर करीब एक घंटे इंतजार के बाद उन्होंने कार्यालय गेट पर ही ज्ञापन टांग दिया और मायूस होकर लौट गए।
इससे पहले छात्रों ने कॉलेज प्राचार्य को भी उच्च शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। अजीत मीना ने बताया कि महाविद्यालय में करीब 5500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि स्वीकृत 56 व्याख्याताओं के मुकाबले केवल 39 ही कार्यरत हैं। कई शिक्षकों को अन्य कॉलेजों का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसे भी पढ़ें – चित्तौड़गढ़ में शिक्षक के घर छात्रा मिलने पर हंगामा, पुलिस ने जांच शुरू की
छात्रों ने स्थानांतरित शिक्षकों और वरिष्ठ सहायक के तबादले रद्द करने, खाली पदों पर नियुक्ति करने और 57 में से संचालित 52 प्रयोगशालाओं के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त स्टाफ व संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
https://www.facebook.com/StvNews2006