उदयपुर में बेखौफ बदमाश: चलती स्कूटी से महिला का बैग छीना, कई आपराधिक घटनाओं से बढ़ी चिंता
उदयपुर शहर में लूट और चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सूरजपोल थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने चलती स्कूटी पर सवार महिला का हैंडबैग छीन लिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गई। वहीं, शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जेवर चोरी, सूने मकान में सेंधमारी और एक किसान की कुएं में गिरने से मौत की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
चलती स्कूटी से हैंडबैग छीनकर फरार हुए बदमाश
शनिवार रात करीब 10:20 बजे सूरजपोल थाना क्षेत्र में सेक्टर-8 लक्ष्मीनगर निवासी पुष्पा देवी अपने पति के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। पुलिस के अनुसार, रास्ते में बाइक सवार दो बदमाश पीछे से आए और महिला के कंधे पर टंगा हैंडबैग झपट लिया। अचानक हुए झटके से महिला स्कूटी से सड़क पर गिर गई। बैग छीनने के दौरान वह कुछ दूरी तक घिसटती चली गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मदद की, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
बैग में नकदी, मोबाइल और जेवर थे मौजूद
पीड़ित परिवार के अनुसार, छीने गए बैग में करीब 10 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, चांदी की पायल और एटीएम कार्ड रखे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे और वारदात के बाद तेजी से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी सुरक्षा के लिए गंभीर समस्या बताया।
इसे भी पढ़ें – राजस्थान पटवार भर्ती-2021 घोटाला: डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलाकर नौकरी पाने वाला निलंबित पटवारी गिरफ्तार
रथयात्रा के दौरान भी हुई जेवर चोरी
शहर में आयोजित भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान भी चोरी की घटनाएं सामने आईं। धानमंडी थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों के अनुसार, भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने दो महिलाओं के गले से सोने के आभूषण चोरी कर लिए। एक महिला की सोने की चेन, जबकि दूसरे दंपती के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस इन मामलों की भी जांच कर रही है।
कुएं में मिला किसान का शव, जांच जारी
डबोक थाना क्षेत्र के नाहरामगरा गांव निवासी 36 वर्षीय किसान मनोहर गमेती की गहरे कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, वह खेत पर जाने के बाद घर नहीं लौटे थे। कुछ दिनों बाद कुएं से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। मामले की जांच की जा रही है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सूने मकान से जेवर और नकदी चोरी
प्रतापनगर थाना क्षेत्र में भी चोरी की एक वारदात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मकान मालिक गांव गया हुआ था और लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था तथा सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।