RTE बकाया भुगतान को लेकर बीकानेर में निजी स्कूलों का प्रदर्शन, शिक्षा निदेशालय का घेराव
राजस्थान के बीकानेर में शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत लंबित भुगतान और अन्य मांगों को लेकर निजी विद्यालय संचालकों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। स्कूल एज्यूकेशन वेलफेयर एसोसिएशन राजस्थान के नेतृत्व में कई निजी स्कूल एक दिन के लिए बंद रखे गए। संचालकों ने कलेक्ट्रेट से शिक्षा निदेशालय तक रैली निकालकर सरकार से लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की अपील की।
स्कूल बंद रखकर निजी विद्यालय संचालकों ने किया प्रदर्शन
निजी विद्यालयों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जिलेभर के स्कूल संचालकों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले कलेक्ट्रेट परिसर में सभा आयोजित की गई, जिसमें शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके बाद संचालकों ने बैनर और तख्तियां लेकर शिक्षा निदेशालय तक रैली निकाली। प्रदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में स्कूल संचालक, प्रबंधक और शिक्षाविद शामिल हुए। एसोसिएशन का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
शिक्षा निदेशालय के बाहर धरना, सौंपा ज्ञापन
रैली के दौरान पुलिस और प्रशासन ने शिक्षा निदेशालय के बाहर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। प्रदर्शनकारियों को परिसर में प्रवेश से रोकने के लिए मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग की गई। इसके बाद निजी विद्यालय संचालकों ने निदेशालय के बाहर धरना दिया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा निदेशक के नाम ज्ञापन सौंपकर सरकार से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।
इसे भी पढ़ें – झालावाड़ में 53.50 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
RTE भुगतान और ‘राज शाला संबलन’ ऐप पर उठाए सवाल
एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष कोडाराम भादू ने कहा कि शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत निजी विद्यालयों का करोड़ों रुपये का भुगतान लंबे समय से लंबित है, जिससे स्कूलों के संचालन, शिक्षकों के वेतन और अन्य व्यवस्थाओं पर असर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से बकाया राशि जल्द जारी करने की मांग की। इसके अलावा ‘राज शाला संबलन’ मोबाइल ऐप को निजी विद्यालयों के लिए अव्यावहारिक बताते हुए इससे संबंधित आदेश वापस लेने की भी मांग उठाई।
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा तेज
प्रदर्शनकारियों ने निजी विद्यालयों से जुड़े प्रशासनिक अवरोधों को दूर करने और शिक्षा विभाग के विभिन्न आदेशों की समीक्षा करने की भी मांग की। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को पूरे राजस्थान में और व्यापक किया जाएगा। संगठन का दावा है कि आंदोलन के समर्थन में बीकानेर के लगभग 1,400 निजी विद्यालयों ने एक दिन के लिए शिक्षण कार्य बंद रखा, जिससे नियमित कक्षाएं प्रभावित रहीं।
https://www.facebook.com/StvNews2006