“जब-जब युवा बोला है, राजसिंहासन डोला है” — टीकाराम जूली
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि देशभर में बढ़ते पेपर लीक मामलों को लेकर युवाओं में गहरा आक्रोश है और अब छात्र अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। इसी क्रम में सोमवार को जयपुर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) द्वारा ‘छात्रों की गूंज’ मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं ने भाग लिया।
जूली ने कहा कि यह मैराथन राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू होकर अल्बर्ट हॉल तक आयोजित की गई, जो युवाओं की आवाज और उनके आक्रोश का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है और यह गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा, “इतिहास गवाह है कि जब-जब युवाओं ने आवाज उठाई है, तब-तब बड़े परिवर्तन हुए हैं। आज का युवा जागरूक है और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को तैयार है।”
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि बीते वर्षों में देशभर में अनेक पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
जूली ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस दौरान एनएसयूआई के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें –अंकित शर्मा हत्याकांड में ताहिर हुसैन समेत 5 दोषी करार, 6 बरी