भरतपुर बर्तन व्यापारी हत्याकांड: आरोपियों से कराया गया क्राइम सीन रीक्रिएशन
भरतपुर के बर्तन व्यापारी हत्याकांड में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का रीक्रिएशन कराया। मुठभेड़ में घायल आरोपी सुरक्षा के बीच लंगड़ाते हुए पहुंचे।
घटनास्थल पर पहुंचे आरोपी, पुलिस ने कराया वारदात का रीक्रिएशन
भरतपुर शहर के बिजलीघर चौराहा क्षेत्र में सोमवार को बर्तन व्यापारी हत्याकांड के आरोपियों को पुलिस सुरक्षा के बीच घटनास्थल पर लाया गया। दोनों आरोपी मुठभेड़ के दौरान घायल हो चुके हैं, जिसके चलते वे लंगड़ाते हुए नजर आए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी वारदात का सीन रीक्रिएट कराया और आरोपियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी कार्रवाई को रिकॉर्ड भी किया।
आरोपियों से कराई गई घटना की तस्दीक
उद्योग नगर थाना प्रभारी पवन यादव ने बताया कि बर्तन व्यापारी हत्याकांड के आरोपी बलराम और प्रवीण को बिजलीघर क्षेत्र में ले जाकर मौका मुआयना कराया गया। पुलिस ने आरोपियों से घटनास्थल, फायरिंग की जगह और वारदात के पूरे क्रम की जानकारी लेकर उसकी पुष्टि कराई। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने किस तरह वारदात को अंजाम दिया था और घटना में उनकी क्या भूमिका रही।
पुलिस ने वीडियोग्राफी के साथ जुटाए साक्ष्य
जांच प्रक्रिया के तहत पुलिस आरोपियों को शहर के मारुति स्कूल के सामने उस स्थान पर लेकर गई, जहां व्यापारी पर गोली चलाने की घटना हुई थी। पुलिस ने आरोपियों से घटनाक्रम को दोहरवाकर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि जांच में साक्ष्यों को मजबूती मिल सके। मौके पर पुलिस की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।
दो व्यापारियों को बनाया था निशाना
पुलिस जांच के अनुसार, 4 जुलाई की रात बदमाशों ने भरतपुर में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में फायरिंग और लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। पहली घटना चिकसाना थाना क्षेत्र में हुई, जहां परचून व्यापारी प्रमोद कुमार को गोली मारकर करीब 50 से 60 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया गया था। इसके बाद सेवर थाना क्षेत्र में मथुरा से करीब पांच लाख रुपये लेकर लौट रहे बर्तन व्यापारी चंद्रभान शर्मा पर हमला किया गया।
इलाज के दौरान हुई थी व्यापारी की मौत
सेवर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग में घायल बर्तन व्यापारी चंद्रभान शर्मा को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और वारदात के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
यह भी पढ़ें –इंस्टाग्राम से जुड़ा नकली नोटों का जाल, 59 हजार की जाली करेंसी के साथ युवक गिरफ्तार