Alwar News: फार्म पॉन्ड में डूबने से दो मासूमों की मौत, द्वारापुर गांव में पसरा मातम
राजस्थान के अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र के द्वारापुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में फार्म पॉन्ड में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने साथियों के साथ नहाने गए थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे दोनों बच्चे
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत द्वारापुर के छह बच्चे रविवार दोपहर फार्म पॉन्ड में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान 15 वर्षीय नरेंद्र प्रजापत पुत्र मुकेश प्रजापत और 13 वर्षीय गोलू बलाई पुत्र अशोक बलाई अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
ग्रामीणों ने निकाला बाहर, अस्पताल में मृत घोषित
साथ मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत थानागाजी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने करवाई कानूनी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
गांव में पसरा मातम
एक ही हादसे में दो बच्चों की मौत से द्वारापुर गांव में गहरा शोक छा गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया।