दिल्ली में मामूली विवाद बना जानलेवा: कीचड़ उछालने से रोकने पर युवक की हत्या, 5 नाबालिग हिरासत में
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के वजीरपुर इलाके में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, 34 वर्षीय युवक ने कुछ किशोरों को कीचड़ उछालने से रोका, जिसके बाद कहासुनी हुई और उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पांच नाबालिगों को पकड़ लिया है। मामले की जांच जारी है।
प्रेम बाड़ी पुल के पास घायल मिला युवक
पुलिस के मुताबिक, 9 जुलाई को अशोक विहार थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि केशवपुरम की ओर जाने वाले प्रेम बाड़ी पुल के पास एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक के सीने, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार के कई घाव मिले। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
मृतक की पहचान, परिवार में पसरा मातम
जांच के दौरान मृतक की पहचान वजीरपुर के उधम सिंह पार्क निवासी 34 वर्षीय बंसी लाल के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, वह लाल किला स्थित लाला लाजपत राय मार्केट में एक सीसीटीवी दुकान पर कार्यरत थे। घटना के समय वह अपने रास्ते से गुजर रहे थे। परिजनों को घटना की सूचना मिलने के बाद घर में मातम छा गया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कीचड़ उछालने के विरोध पर हुआ विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि कुछ नाबालिग सड़क पर कीचड़ उछाल रहे थे। बंसी लाल ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नाबालिगों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में किसी पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत दुश्मनी की बात सामने नहीं आई है। हत्या के कारणों की विस्तृत जांच अभी जारी है।
CCTV फुटेज से मिली अहम सफलता
घटनास्थल पर कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिलने के कारण पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पांच नाबालिगों तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कथित चाकू भी बरामद किया। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें –दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लॉरेंस गैंग के 3 कथित शूटर गिरफ्तार, टारगेट किलिंग की साजिश विफल