#क्राइम #राज्य-शहर

घूमाने के बहाने हिमाचल लाकर पत्नी की हत्या की साजिश, महिला की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से बची जान

पत्नी की हत्या की साजिश नाकाम, पति समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश से आए एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने भाई और एक दोस्त के साथ मिलकर महिला पर चाकू से हमला किया और उसे गहरी खाई में धक्का दे दिया। स्थानीय व्यक्ति की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बच गई, जबकि तीनों आरोपियों को कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया गया।

घरेलू विवाद के बीच बनाई गई हत्या की योजना

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी दलीप कुमार और उसकी पत्नी मोनिका के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसने कथित तौर पर अपने भाई शिवम और दोस्त मदन कुमार के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की योजना बनाई। पुलिस का कहना है कि तीनों महिला को घूमाने के बहाने उत्तर प्रदेश से सोलन लेकर आए। सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद महिला के गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया और फिर उसे करीब 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश करने लगे।

प्रत्यक्षदर्शी की सतर्कता बनी महिला के लिए जीवनदान

मामले में एक स्थानीय व्यक्ति की सतर्कता अहम साबित हुई। बड़ोग निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि उन्होंने सड़क किनारे तीन युवकों और एक महिला को संदिग्ध स्थिति में देखा था। कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद जब उन्हें शक हुआ तो वे वापस लौटे और कथित तौर पर महिला को खाई में धक्का देते हुए देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर खून के निशान मिले और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। घायल महिला झाड़ियों के सहारे सड़क तक पहुंच गई, जहां से उसे अस्पताल ले जाया गया।

महिला का इलाज जारी, हालत गंभीर

घायल महिला को पहले सिविल अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि महिला का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया उसकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार होने के बाद पूरी की जाएगी, जो मामले की जांच में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

आधे घंटे में तीनों आरोपी गिरफ्तार

सोलन पुलिस ने सूचना मिलते ही अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, घटना के करीब आधे घंटे के भीतर नगाली क्षेत्र से तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी मदन कुमार, बहराइच निवासी दलीप कुमार और उसके भाई शिवम के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं तथा आरोपियों से पूछताछ जारी है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें –कोटा NH-27 बाइपास पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *