गुरुग्राम एनकाउंटर में दीपक नांदल गैंग के 4 शार्प शूटर ढेर, 3 पुलिसकर्मी घायल
हरियाणा के गुरुग्राम में देर रात पुलिस और दीपक नांदल गैंग के शार्प शूटरों के बीच हुई मुठभेड़ में चार बदमाश मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग के दौरान एक एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
फिरौती की साजिश नाकाम, पहले से तैयार थी पुलिस
पुलिस के अनुसार अपराध शाखा को गुप्त सूचना मिली थी कि दीपक नांदल गैंग के शार्प शूटर सुशांत लोक क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर से रंगदारी वसूलने पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में पहले से घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
20 से ज्यादा राउंड फायरिंग, चार बदमाश मारे गए
पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से 20 से अधिक राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ खत्म होने के बाद चार बदमाशों की मौत हो गई, जबकि एक आरोपी गंभीर रूप से घायल मिला, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फायरिंग में 3 पुलिसकर्मी घायल
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सुनील कुमार, सिपाही मंजीत सिंह और सिपाही शमशेर सिंह घायल हो गए। तीनों को तुरंत मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटनास्थल से हथियार और साक्ष्य जुटाए
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया। एफएसएल और अन्य जांच एजेंसियों की टीमों ने मौके से हथियार, कारतूस और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की निगरानी करते रहे।
मारे गए बदमाशों की हुई पहचान
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों की पहचान दीपा उर्फ संदीप (फतेहाबाद), आर्यन (रोहतक), नितिन (रोहतक) और अंकित (रोहतक) के रूप में हुई है। वहीं घायल आरोपी शिवम (मेवात) का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नितिन के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। वहीं दीपा उर्फ संदीप पर आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और गैंग के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।