बारिश में जंतर-मंतर पर बढ़ा विवाद, तिरपाल की मांग को लेकर पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी; अभिजीत दीपके का वीडियो वायरल
दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के बीच लगातार बारिश ने प्रदर्शनकारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तिरपाल लगाने की अनुमति को लेकर दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें CJP संस्थापक अभिजीत दीपके एक पुलिस अधिकारी से भावुक अपील करते नजर आ रहे हैं।
तिरपाल की अनुमति को लेकर हुआ विवाद
जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन जारी है। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने बारिश से बचाव के लिए तिरपाल लगाने की अनुमति मांगी। इसी मांग को लेकर दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस हो गई। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके एक पुलिस अधिकारी से तिरपाल लगाने की अनुमति देने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
वीडियो में भावुक अपील करते दिखे अभिजीत दीपके
करीब 18 सेकेंड के वायरल वीडियो में अभिजीत दीपके पहले पुलिस अधिकारी से हाथ जोड़कर अनुरोध करते हैं कि प्रदर्शन स्थल पर तिरपाल लगाने की अनुमति दी जाए। इसके बाद वह घुटनों के बल बैठकर अधिकारी के पैर पकड़ते नजर आते हैं। वीडियो में उनके साथ मौजूद अन्य प्रदर्शनकारी भी अनुमति देने की अपील करते दिखाई देते हैं। कुछ देर बाद पुलिस अधिकारी वहां से आगे बढ़ जाते हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया है।
बारिश से प्रदर्शनकारियों की बढ़ीं मुश्किलें
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण धरनास्थल पर बैठे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार, खुले आसमान के नीचे बैठे कई लोगों के बिस्तर, कपड़े और अन्य सामान भीग गए हैं। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि कई दिनों से धरने पर बैठे लोग पर्याप्त आराम भी नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि तिरपाल लगाने की अनुमति मिलने से कम से कम बारिश से बचाव हो सकता है।
प्रदर्शन स्थल पर डटे रहने का दावा
आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन जारी रखेंगे। उनका आरोप है कि बारिश के बावजूद आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। दूसरी ओर, पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन और वहां की व्यवस्थाओं को लेकर बहस तेज हो गई है।