#क्राइम #राज्य-शहर

‘केतन से ही शादी करना चाहती थी सिया’, भाई के दावे से केस में नया मोड़

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब एक नया मोड़ सामने आया है। मुख्य आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल ने पहली बार मीडिया के सामने आकर दावा किया है कि उसकी बहन केतन अग्रवाल के साथ ही अपना भविष्य देख रही थी। हालांकि, पुलिस जांच में सामने आए तथ्य साहिल के दावों से अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है।

साहिल का दावा- ‘सिया ने कहा था, केतन के साथ ही रहना है’

एक इंटरव्यू में साहिल गोयल ने बताया कि उसे सिया और चेतन चौधरी की दोस्ती की जानकारी थी, क्योंकि दोनों की मुलाकात उसके जरिए हुई थी। लेकिन सिया ने उससे स्पष्ट कहा था कि वह चेतन के साथ कोई रिश्ता नहीं रखना चाहती और शादी केवल केतन अग्रवाल से ही करेगी। इसी भरोसे के कारण उसने परिवार को इस रिश्ते की जानकारी नहीं दी।

प्री-वेडिंग शूट की तैयारियों का भी किया जिक्र

साहिल के मुताबिक, सिया अपनी शादी को लेकर काफी उत्साहित थी। वह केतन के साथ प्री-वेडिंग फोटोशूट की योजना बना रही थी, गाने चुन रही थी और लोकेशन तय कर रही थी। दोनों इस विषय पर लंबे समय तक वीडियो कॉल पर बातचीत करते थे। साहिल का कहना है कि इन तैयारियों को देखकर उसे कभी नहीं लगा कि सिया शादी से पीछे हटना चाहती थी।

‘दोस्ती और प्यार को लेकर उलझन में थी सिया’

साहिल ने कहा कि सिया ने चेतन को केवल अपना अच्छा दोस्त बताया था। उसके मुताबिक, कम उम्र में दोस्ती और प्यार के बीच भ्रम होना स्वाभाविक है। उसने सिया को समझाया भी था, जिसके बाद सिया ने दोबारा कहा कि वह अपनी जिंदगी केतन के साथ ही बिताना चाहती है।

पुलिस जांच में सामने आई अलग कहानी

दूसरी ओर, जांच अधिकारियों का कहना है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसने यह बात पहले ही अपने भाई को बता दी थी। पुलिस को यह भी संदेह है कि साहिल को सिया और चेतन के रिश्ते की पूरी जानकारी थी, लेकिन उसने जानबूझकर इस बारे में परिवार को नहीं बताया।

ड्राइवर के बयान से बढ़े सवाल

मामले में उस ड्राइवर का बयान भी सामने आया है, जो प्री-वेडिंग शूट के लिए सिया को मुंबई एयरपोर्ट छोड़ने गया था। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि सिया यात्रा पर जाने के लिए तैयार नहीं थी और साहिल ने कथित तौर पर उसे जबरन कार में बैठाया। वहीं, बाली ट्रिप से पहले केतन का पासपोर्ट गायब होने की घटना को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

10 घंटे पूछताछ, क्राइम सीन रिक्रिएशन जारी

पुलिस ने साहिल गोयल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ कर उसका बयान दर्ज किया है। फिलहाल उसे आरोपी नहीं बनाया गया है। उधर, मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ के साथ लोहगढ़ किले पर क्राइम सीन रिक्रिएशन और तकनीकी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *