दिल्ली में जहरीली गैस का कहर: मुंडका में सेप्टिक टैंक हादसे में 3 मजदूरों की मौत
दिल्ली के मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। सुरक्षा उपकरणों के बिना काम कर रहे मजदूर टैंक के अंदर फंस गए और समय पर रेस्क्यू न पहुंच पाने से उनकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सेप्टिक टैंक में उतरते ही फंसे मजदूर
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री परिसर में तीन मजदूर सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए एक-एक करके नीचे उतरे थे। टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण कुछ ही मिनटों में उनकी हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। काफी देर तक जब बाहर कोई हलचल नहीं हुई तो अन्य लोगों ने पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी।
रेस्क्यू टीम ट्रैफिक जाम में फंसी
सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की दो गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं, लेकिन रास्ते में भारी ट्रैफिक जाम के कारण बचाव कार्य में देरी हो गई। अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 12:03 बजे कॉल मिली थी, लेकिन गाड़ियां समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। बाद में दूसरी दिशा से अतिरिक्त टीम भेजी गई।
मौके पर पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
रेस्क्यू टीम जब मौके पर पहुंची तो तीनों मजदूरों को टैंक से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। फायर विभाग ने बाद में प्रशासन और SDM को घटना की जानकारी दी। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) को भी सूचना भेजी गई।
सुल्तानपुरी के रहने वाले थे तीनों मजदूर
मृतकों की पहचान अरुण सिंह (38), संदीप (32) और चांद (42) के रूप में हुई है। तीनों मजदूर दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके की इंद्रा झील कॉलोनी के निवासी थे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बिना सुरक्षा उपकरणों के सफाई का काम क्यों कराया जा रहा था। साथ ही सेफ्टी नियमों के उल्लंघन और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।