भतीजे ने रची खौफनाक साजिश, ताई की हत्या कर कुएं में फेंका शव
जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। कर्ज और नशे की लत से परेशान एक भतीजे ने अपनी ही ताई की निर्मम हत्या कर दी। पहले फावड़े से वार कर हत्या की गई, फिर शव को गड्ढे में दफनाया और बाद में पहचान छिपाने के लिए कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने इस जघन्य वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कर्ज और नशे ने बनाया कातिल
आरोपी सूरज बैरवा आर्थिक तंगी और नशे की आदतों से जूझ रहा था। उस पर करीब ढाई लाख रुपये का कर्ज था। ताई बीना देवी के पास भारी चांदी के कड़े होने की जानकारी मिलने के बाद उसने लूट और हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले से ही पूरी साजिश रच ली थी ताकि हत्या को किसी और दिशा में मोड़ा जा सके। योजना में उसका साला भी शामिल था।
सुनियोजित तरीके से दिया वारदात को अंजाम
11 जून को आरोपी ने ताई को घास लाने के बहाने ढूंढ नदी क्षेत्र ले गया। वहां मौका पाकर उसने पीछे से फावड़े से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद दांती से गहने उतारकर चांदी के कड़े और अन्य जेवरात लूट लिए। हत्या के बाद शव को पास ही गड्ढा खोदकर दबा दिया गया, जिससे यह लगे कि वह कहीं गायब हो गई है।
डर के बाद बदली वारदात की योजना
रात में आरोपी को पकड़े जाने का डर सताने लगा। अगले दिन वह अपने साले के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा। दोनों ने शव को गड्ढे से निकालकर एक भारी पत्थर से बांधा और करीब 60 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार यह कदम साक्ष्य मिटाने और जांच को भटकाने के लिए उठाया गया था।
क्राइम वीडियो देखकर सीखी साजिश
जांच में सामने आया कि आरोपी ने यू-ट्यूब और क्राइम वीडियो देखकर हत्या के बाद सबूत छिपाने के तरीके सीखे थे। वह सोच रहा था कि पुराने पारिवारिक विवाद के चलते शक परिवार के अन्य सदस्यों पर जाएगा और वह बच जाएगा। लेकिन तकनीकी जांच और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस जांच और गिरफ्तारी
डीसीपी (दक्षिण) के अनुसार तकनीकी साक्ष्य, साइबर विश्लेषण और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आधार पर आरोपी को चिन्हित किया गया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने सूरज बैरवा और उसके साले विनोद बैरवा को गिरफ्तार कर लूटी गई चांदी की ज्वेलरी भी बरामद कर ली है।