खैरथल में बिजली विभाग की लापरवाही से मासूम की मौत, करंट लगने से 3 वर्षीय बच्ची ने तोड़ा दम
खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास थाना क्षेत्र के ग्राम देवता में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक मासूम बच्ची की जान पर भारी पड़ गई। घर के पीछे खेल रही तीन वर्षीय बालिका करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि उसके साथ खेल रहे दो अन्य बच्चे झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
खेलते समय करंट की चपेट में आए तीन बच्चे
जानकारी के अनुसार तीन वर्षीय प्रीति पुत्री जयप्रकाश खारवाल अपने साथियों दीपांश और कुलवंत के साथ घर के पीछे खेल रही थी। इसी दौरान खेत से गुजर रही बिजली लाइन के नीचे लटके हुए तारों के संपर्क में आने से तीनों बच्चों को जोरदार करंट लग गया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे मौके पर ही चीख-पुकार मचाने लगे और आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचते ही मासूम को मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बच्चों को तत्काल किशनगढ़बास रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रीति को मृत घोषित कर दिया। वहीं करंट से झुलसे दीपांश और कुलवंत को प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी हालत सामान्य होने पर छुट्टी दे दी गई। मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने पहले भी की थी शिकायत
मृतका के दादा जय सिंह खारवाल ने किशनगढ़बास थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि खेत से गुजर रहे बिजली के तार लंबे समय से नीचे लटके हुए थे और बेहद खतरनाक स्थिति में थे। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित ठेकेदार को मौखिक रूप से शिकायत कर तारों को ठीक कराने की मांग की थी, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप
परिजनों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की घोर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि यदि समय रहते तारों की मरम्मत कर दी जाती तो मासूम की जान बच सकती थी। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी, गांव में आक्रोश
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है, जबकि ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।