जयपुर-दिल्ली हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रेलर ने बुजुर्ग को 100 फीट तक घसीटा, मौत
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पावटा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे-48 पर सरियों से भरे एक बेकाबू ट्रेलर ने 75 वर्षीय बुजुर्ग को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर बुजुर्ग को करीब 100 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की अस्पताल में मौत हो गई।
सर्विस रोड पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार आंतेला के नीलका क्षेत्र में पुलिया निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते हाईवे का यातायात सर्विस रोड से संचालित किया जा रहा था। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा सरियों से लदा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सर्विस रोड पर हादसे का कारण बन गया।
CCTV में कैद हुआ हादसा
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार ट्रेलर नियंत्रण खो बैठता है और सर्विस लाइन के डिवाइडर को पार करते हुए सड़क किनारे स्थित एक होटल की पार्किंग में घुस जाता है। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जान बचाने का प्रयास भी नहीं आया काम
हादसे के समय आंतेला निवासी 75 वर्षीय सुरजाराम यादव पार्किंग के पास खड़े थे। बेकाबू ट्रेलर को अपनी ओर आता देख उन्होंने बचने का प्रयास किया और होटल की ओर भागे, लेकिन ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सीधे पहियों के नीचे आ गए।
100 फीट तक घसीटता रहा ट्रेलर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर बुजुर्ग को करीब 100 फीट तक घसीटता हुआ आगे बढ़ता रहा। घटना देखकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े और ट्रेलर को रुकवाया। हालांकि भीड़ जुटते ही चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में मृत घोषित
स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल सुरजाराम को तुरंत पावटा उप जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पावटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने ट्रेलर जब्त किया
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। एएसआई भोला राम के अनुसार मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है।
गांव में शोक का माहौल
मृतक सुरजाराम यादव खेती-बाड़ी से जुड़े हुए थे। उनके परिवार में दो बेटे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।