टूरिस्ट का मोबाइल निकालने झील में उतरा बोट ऑपरेटर, डूबने से मौत
उदयपुर की फतहसागर झील में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। एक पर्यटक का मोबाइल निकालने के लिए झील में उतरा बोट ऑपरेटर डूब गया। काफी प्रयासों के बाद उसका शव बाहर निकाला गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के बाद से गायब पर्यटक की तलाश भी जारी है।
मोबाइल निकालने के लिए मांगी गई थी मदद
जानकारी के अनुसार मृतक विनोद गुजरात के भावनगर का निवासी था और उदयपुर में बोट ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। घटना फतहसागर झील स्थित उज्जैन बोटिंग प्वाइंट की बताई जा रही है। सिविल डिफेंस के वॉलेंटियर कैलाश मेनारिया के अनुसार एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसका मोबाइल झील में गिर गया है और उसे निकालने के लिए मदद चाहिए।
बताया जा रहा है कि मोबाइल निकालने के बदले 15 से 20 हजार रुपये तक देने की बात भी कही गई थी। हालांकि शुरुआत में बोट ऑपरेटर ने निजी काम बताकर इनकार कर दिया था।
कुछ देर बाद मिली डूबने की सूचना
करीब 20 मिनट बाद सूचना मिली कि बोटिंग प्वाइंट पर एक ऑपरेटर झील में डूब गया है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि विनोद पानी में उतरने के बाद वापस बाहर नहीं आ पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह जेटी के नीचे की ओर गया था और वहीं फंस गया।
जब काफी देर तक वह बाहर नहीं निकला तो लोगों ने शोर मचाया और पुलिस व सिविल डिफेंस को सूचना दी गई।
शव बरामद, पर्यटक की तलाश जारी
सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर विनोद का शव झील से बाहर निकाला। इसके बाद शव को अंबामाता थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोबाइल गिरने की जानकारी देने वाला व्यक्ति घटना के बाद मौके से चला गया। पुलिस अब उसकी पहचान करने और उससे पूछताछ की तैयारी कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार संबंधित व्यक्ति ने बोटिंग प्वाइंट के एक कर्मचारी के मोबाइल से संपर्क किया था। अब उस कर्मचारी से भी पूछताछ की जा रही है। जांच का केंद्र यह है कि विनोद किन परिस्थितियों में झील में उतरा और क्या उसे मोबाइल निकालने के लिए किसी तरह का लालच दिया गया था।