#क्राइम #राज्य-शहर

टपूकड़ा में गोदाम पर हथियारबंद हमला, नकदी और सोने की बाली लूटने का आरोप

खैरथल-तिजारा जिले के टपूकड़ा थाना क्षेत्र में मेन मार्केट स्थित एक गोदाम पर हथियारबंद लोगों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने गोदाम मालिक और कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की तथा नकदी और सोने के जेवर लूट लिए। घटना में गोदाम मालिक सहित तीन लोग घायल हुए हैं। मामले का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

टेम्पो और बाइक की टक्कर से शुरू हुआ विवाद

पुलिस को दी शिकायत में गोदाम मालिक ललित शर्मा ने बताया कि उनका टेम्पो चालक उज्जवल फल के खाली क्रेट लेकर टपूकड़ा बाईपास से लौट रहा था। इसी दौरान एक बाइक की टेम्पो से टक्कर हो गई। आरोप है कि बाइक सवार ने उज्जवल के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह उज्जवल टेम्पो लेकर गोदाम पहुंच गया।

बातचीत के दौरान पहुंचे हथियारबंद लोग

शिकायत के अनुसार कुछ देर बाद करमपुर निवासी ठेकेदार मनोज यादव अपने साथियों के साथ गोदाम पर पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी, तभी तीन वाहनों में सवार होकर 10 से 15 लोग गोदाम पर आ पहुंचे। आरोप है कि उनके पास लाठियां, डंडे और सरिये थे तथा कई लोग शराब के नशे में थे।

कर्मचारियों और गोदाम मालिक से मारपीट

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गोदाम पर पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान उज्जवल, चंद्रकांत शर्मा और पवन कुमार मेघवाल के साथ मारपीट की गई। हमले में तीनों को गंभीर चोटें आईं। पवन कुमार ने आरोप लगाया कि उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।

1.26 लाख नकद और सोने की बाली लूटने का आरोप

ललित शर्मा ने शिकायत में बताया कि हमलावर उनकी दिनभर की बिक्री के 1 लाख 26 हजार रुपये नकद और करीब 2 तोले वजनी सोने की कान की बाली भी छीनकर ले गए। घटना के बाद घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने दर्ज किए दो अलग-अलग मामले

टपूकड़ा थानाधिकारी आसाराम ने बताया कि गोदाम मालिक ललित शर्मा की शिकायत पर मारपीट, लूट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं कर्मचारी पवन कुमार मेघवाल की ओर से जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, मारपीट और लूट की अलग शिकायत भी दर्ज कर ली गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

वीडियो भी आया सामने

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोदाम पर हंगामे और मारपीट की घटना दिखाई देने की बात कही जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *