जीएसटी इंस्पेक्टर की कार में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार; कोर्ट में पेशी के दौरान दिखा बेफिक्र अंदाज
अलवर कोतवाली थाना पुलिस ने एसजीएसटी विभाग में कार्यरत एक जीएसटी इंस्पेक्टर की कार में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की और शुक्रवार को मेडिकल मुआयना कराने के बाद न्यायालय में पेश किया।
पेशी के दौरान आरोपी का व्यवहार भी चर्चा का विषय बना रहा। मीडिया कैमरों को देखकर वह मुस्कराता हुआ नजर आया और दो उंगलियां दिखाते हुए बेफिक्र अंदाज में चलता दिखाई दिया।
पुलिस के अनुसार, वाणिज्यिक कर (एसजीएसटी) विभाग में कार्यरत इंस्पेक्टर संजीव मीना ने 23 मई को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 22 मई की रात उन्होंने अपनी कार स्कीम नंबर-7 स्थित अपने घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह उठकर देखा तो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी।
कार के ड्राइवर साइड का शीशा टूटा हुआ था और स्टार्टिंग लॉक से छेड़छाड़ की गई थी। जांच के दौरान कार के कुछ पार्ट्स भी गायब पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए मुल्तान नगर निवासी दीपक पुत्र कालूराम को गिरफ्तार कर लिया।