#क्राइम #राज्य-शहर

कोटा-झालावाड़ हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर: ओवरटेक में अनियंत्रित बस पलटी, 2 यात्री गंभीर

कोटा (राजस्थान)

कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे-52 पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नागपुर से दिल्ली जा रही एक निजी बस सहरावद बस स्टैंड के पास ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह दुर्घटना सुबह करीब 7:30 बजे ढाबादेह के आगे सहरावद बस स्टैंड के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और ओवरटेक के दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सीधे खेत में जा गिरी। हादसे में बस को काफी नुकसान पहुंचा है।

सूचना मिलते ही मोड़क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

मोड़क थाना एएसआई राकेश शर्मा के अनुसार बस में 20 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में 4 से 5 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि 2 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद झालावाड़ रेफर किया गया है।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। वहीं अन्य यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *