अलवर के प्राइवेट बस स्टैंड में अज्ञात युवक का शव मिला, इलाके में फैली सनसनी
अलवर शहर के एन.ई.बी थाना क्षेत्र स्थित मंडी मोड़ के प्राइवेट बस स्टैंड परिसर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार युवक ट्रकों के बीच लावारिस हालत में पड़ा हुआ मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। युवक की पहचान होने के बाद ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
एन.ई.बी थाने के सहायक उपनिरीक्षक ईश मोहम्मद ने बताया कि स्थानीय लोगों ने सूचना दी थी कि एक युवक पिछले करीब एक सप्ताह से आसपास घूम रहा था। लोगों के अनुसार युवक सुबह तक ठीक दिखाई दिया, लेकिन दोपहर बाद वह मृत अवस्था में मिला।