अलवर जिला अस्पताल की ICU में महिला मरीज का सोने का कुंडल गायब, परिजनों ने स्टाफ पर लगाया चोरी का आरोप
अलवर जिला अस्पताल की हैवल्स ICU में भर्ती एक महिला मरीज के कान से सोने का कुंडल गायब होने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर परिजनों ने नर्सिंगकर्मी समेत तीन लोगों पर चोरी का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मरीज के बेटे शुभम भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने 20 मई को अपनी मां विमला शर्मा को दस्त और शुगर बढ़ने के कारण बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल की ICU में भर्ती कराया था। उस समय वे अकेले ही अपनी मां की देखभाल कर रहे थे, जबकि उनके पिता दिल्ली में थे।
शुभम के अनुसार, 21 मई को वे कुछ समय के लिए घर के काम से बाहर गए थे। इसी दौरान ICU स्टाफ ने उनकी मां के कपड़े बदले। जब वे वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि उनकी मां के कान में पहना करीब 3 ग्राम सोने का कुंडल गायब था। इस पर उन्होंने अस्पताल स्टाफ से जानकारी ली, तो उन्हें बताया गया कि नर्सिंगकर्मी नरेंद्र, महिला कर्मचारी चंदा और एक अन्य स्टाफ ने कपड़े बदले थे।
परिजनों का आरोप है कि कुंडल के बारे में पूछने पर स्टाफ ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और बात टाल दी। इसके बाद उन्होंने अपनी मां को निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।
वहीं, नर्सिंगकर्मी नरेंद्र ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि मरीज की उम्र अधिक होने के कारण उन्होंने बेड पर शौच कर दिया था, जिससे कपड़े बदलना जरूरी हो गया था। परिजनों की अनुपस्थिति में स्टाफ ने मानवता के नाते कपड़े बदले, लेकिन किसी ने भी कुंडल नहीं लिया।
फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।