#क्राइम #राज्य-शहर

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक में घुसी कार, 3 माह के मासूम की मौत


अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मेहंदीपुर बालाजी से दर्शन कर दिल्ली लौट रहे एक परिवार की कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में 3 माह के मासूम दिव्यम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।

घटना के बाद मासूम के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं बच्चे की मां अंजलि को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उन्हें अभी तक होश नहीं आया है तथा उनके सिर और चेहरे पर गहरी चोटें हैं।

मृतक बच्चे के दादा सतीश कुमार ने बताया कि परिवार शनिवार सुबह मेहंदीपुर बालाजी दर्शन के लिए गया था। सुबह करीब 9 बजे दर्शन करने के बाद उन्होंने फोन कर दिल्ली के लिए रवाना होने की जानकारी दी थी। लक्ष्मणगढ़ के पास अचानक आगे चल रहे ट्रक के ब्रेक लगाने से उनकी कार सीधे ट्रक में जा घुसी, जिससे यह हादसा हो गया।

हादसे के समय कार में सतीश कुमार की पत्नी संतोष, पुत्र राहुल, बहू अंजलि, पोता दिव्यम और बेटी मौजूद थे। परिवार दिल्ली के द्वारका क्षेत्र का निवासी है। मृतक बच्चे के माता-पिता पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं।

दादा सतीश कुमार ने भावुक होकर बताया कि उनका पोता दिव्यम शनिवार को ही तीन महीने का हुआ था। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *