बहाला टोल टैक्स के पास दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत
अलवर जिले में बहाला टोल टैक्स के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक युवक अलवर शहर से काम खत्म कर अपने गांव बूटीयाना लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, बहाला टोल टैक्स के पास एक अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर ही गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश करते हुए पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।