अलवर में प्रिंसिपल की संदिग्ध हालात में मौत, उल्टी-दस्त के बाद बिगड़ी थी तबीयत
अलवर के सदर थाना क्षेत्र स्थित शालीमार इलाके में रहने वाले 42 वर्षीय प्रिंसिपल विक्रम सिंह गोठवाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। रविवार को उनका पोस्टमार्टम राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विक्रम सिंह गोठवाल मूल रूप से राठ नगर के निवासी थे और वर्तमान में शालीमार क्षेत्र में किराए के फ्लैट में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। वे तिजारा के गेलपुर स्थित एक राजकीय विद्यालय में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थे।
परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार का कहना है कि विक्रम सिंह पूरी तरह स्वस्थ थे और अचानक तबीयत बिगड़ने से सभी सदमे में हैं। उनके निधन से परिवार में शोक की लहर है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।