दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर केमिकल टैंकर पलटा, चालक की मौत
राजगढ़ (अलवर) के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात पिनान रेस्ट एरिया के पास एक केमिकल से भरा टैंकर असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाल राजेश मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए एहतियातन फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर बुलाई गई।
घटनास्थल के पास एक व्यक्ति का शव मिला, जिसे टैंकर चालक माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पालिका कर्मी जुगनू तम्बोली ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।