#क्राइम #राज्य-शहर

लक्ष्मणगढ़ हत्याकांड: 21 दिन बाद भी सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं, पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई गुहार

अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में दर्ज हत्याकांड के मामले में पीड़ित परिवार ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर गुहार लगाई। मृतक पुरण की पत्नी चेमा देवी ने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि घटना के 21 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे उनका परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है।

ज्ञापन में बताया गया कि यह मामला लक्ष्मणगढ़ थाने में मुकदमा संख्या 0159/26 के तहत दर्ज है। पीड़िता के अनुसार, पुलिस ने अब तक केवल एक आरोपी राहुल को ही गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य मुख्य आरोपी—पिंटू, सुनील सहित कई लोग—अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।

परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं और गांव में बेखौफ घूमते हुए कहते हैं कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीड़ित पक्ष का यह भी कहना है कि आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और पूर्व में पंचायत स्तर पर समझौते भी कराए जाते रहे हैं।

पीड़िता चेमा देवी ने एसपी से निष्पक्ष जांच कराने, शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और परिवार की सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के चलते वे भय और तनावपूर्ण माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *