रामगढ़/अलवर – 4 साल पुराने अपहरण व गैंगरेप केस में दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अलवर जिले के रामगढ़ थाना पुलिस ने चार साल पुराने अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो इनामी स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और बुधवार दोपहर बाद उन्हें अलवर स्थित पोक्सो कोर्ट में पेश किया गया। थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा ने बताया कि जिले में
वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रियंक रघुवंशी और वृत्ताधिकारी पिन्टू कुमार के निर्देशन में रामगढ़ थाने पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में आरोप था कि आरोपी बोलेरो गाड़ी में युवती को जबरन ले गए। जांच के दौरान मामला सामूहिक दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट से जुड़ा पाया गया। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि दो आरोपी फरार चल रहे थे। दोनों पर दो-दो हजार रुपये का इनाम घोषित था और वे थाना रामगढ़ की टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वारिस पुत्र रुजदार और शेर खान उर्फ शेरा पुत्र इब्रा निवासी रायबका, थाना सदर अलवर के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सदस्य चंद्रपाल सिंह, मनमोहन सिंह, कैलाश सिंह, महबूब खान, हरभान सिंह, फूलसिंह और राजेश सिंह की विशेष भूमिका रही।