#धार्मिक #राज्य-शहर

रामगढ़ में भूपेंद्र यादव का भव्य स्वागत, मंदिर परिसर में गूंजे “जय श्री श्याम” के जयकारे, राजनीति और आस्था का दिखा संगम

रामगढ़ कस्बे का माहौल शनिवार को राजनीतिक और धार्मिक रंग में रंगा नजर आया, जब केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव दिल्ली से भिवाड़ी होते हुए रामगढ़ पहुंचे। बहादुरपुर रोड स्थित खाटूश्याम मंदिर में उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और “जय श्री श्याम” के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।

रामगढ़ विधायक सुखवन्त सिंह ने केंद्रीय मंत्री को साफा पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष जवाहर तनेजा, मंत्री महेंद्र गोपालिया सहित अन्य सदस्यों ने भी उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सागवान, जिला महामंत्री नरेश गोयल और टोडली उदासीन आश्रम के ब्रह्ममुनि महाराज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए भूपेंद्र यादव ने अपने खास अंदाज में कहा, “एक उत्सव रामगढ़ में मन रहा था तो दूसरा पश्चिम बंगाल में।” उनके इस बयान पर कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों से उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह किसी भी राज्य के प्रभारी हों, लेकिन सबसे पहले ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। पश्चिम बंगाल की जनता का धन्यवाद करते हुए उन्होंने बदलाव के समर्थन की बात कही।

केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर भी प्रकाश डाला। वहीं विधायक सुखवन्त सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के सहयोग से रामगढ़ को मिनी सचिवालय, रेलवे ओवरब्रिज और उपजिला अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में आस्था और राजनीति का अनोखा संगम देखने को मिला।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *