#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर में मॉडिफाइड बाइकों पर पुलिस का शिकंजा, 18 बाइक जब्त

अलवर शहर में ट्रैफिक थाना पुलिस ने मॉडिफाइड बाइकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार को 18 बाइक जब्त की हैं। इन बाइकों में अधिकतर में ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर लगे थे, जो पटाखों जैसी तेज आवाज करते हैं और लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे थे।

इस कार्रवाई से एक दिन पहले गोविंदगढ़ में भी तेज धमाके करने वाली बाइक को जब्त किया गया था। इससे नाराज करीब 50-60 लोगों ने पुलिस थाने पर पथराव कर दिया, जिसमें थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

एएसपी प्रियंका रघुवंशी ने साफ कहा कि गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं ट्रैफिक थाना प्रभारी संजय के अनुसार, कुछ युवक मॉडिफाइड बाइकों से तेज आवाज कर लोगों को परेशान करते हैं, जिसके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।

पुलिस के मुताबिक, पिछले दो-तीन महीनों में 150 से अधिक मॉडिफाइड बाइक जब्त की जा चुकी हैं। करीब तीन महीने पहले 500 से ज्यादा अवैध साइलेंसर पर बुलडोजर चलाकर उन्हें नष्ट किया गया था। इसके बाद ऐसी बाइकों की संख्या में कमी आई है, लेकिन पुलिस अभी भी सतर्क रहते हुए लगातार कार्रवाई कर रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *