बानसूर ट्रॉमा सेंटर मर्डर केस: 48 घंटे में खुलासा, दिल्ली से 6–7 बदमाश गिरफ्तार, चोरी के दौरान AC कॉन्ट्रेक्टर की हत्या
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर स्थित उपजिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में एयर कंडीशनर कॉन्ट्रेक्टर की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला DST टीम ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दिल्ली से करीब 6 से 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
घटना 4 मई 2026 की देर रात की है, जब ट्रॉमा सेंटर में डक्ट फिटिंग और एसी कार्य कर रहे 24 वर्षीय रामसिंह (निवासी फलोदी, जोधपुर) की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार (कटर) से गला रेतकर और शरीर पर वार कर हत्या कर दी थी। वारदात कालका देवी माता मंदिर के पास स्थित निर्माणाधीन अस्पताल परिसर में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी की नियत से अस्पताल परिसर में घुसे थे और कॉपर एसी पाइप व वायर चोरी करने में सफल भी हो गए। इसी दौरान रामसिंह के जाग जाने पर बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
घटना के बाद बानसूर थाना पुलिस ने मौके का मुआयना किया और एफएसएल व एमओबी टीमों की मदद से साक्ष्य जुटाए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस ने पहले कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया था, जिसके बाद पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरी गैंग का खुलासा हुआ। अब DST टीम ने दिल्ली से 6–7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह आज प्रेस वार्ता कर पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा करेंगे।
इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।