#क्राइम #राज्य-शहर

गोविंदगढ़ में जलभराव बना हादसे की वजह, स्कूल के पास पानी का टैंकर पलटा, चालक ने कूदकर बचाई जान

गोविंदगढ़ (अलवर)। नगर पालिका क्षेत्र के रामबास स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के पास प्रशासनिक लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। यहां मुख्य सड़क पर पिछले कई महीनों से भरे गंदे पानी के कारण शुक्रवार सुबह एक पानी का टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। राहत की बात यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते टैंकर से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले 7-8 महीनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर जमा गंदे पानी के चलते स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा बदबू और मच्छरों के कारण बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका और प्रशासन को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण जरूर किया, पर जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *