अलवर सामान्य चिकित्सालय में बड़ा प्रशासनिक बदलाव: डॉ प्रेमचंद सैनी बने नए पीएमओ, डॉ सुनील चौहान सेवानिवृत्त
अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण परिवर्तन हुआ है। वरिष्ठ चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ प्रेमचंद सैनी को अस्पताल का नया प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) नियुक्त किया गया है। वहीं लंबे समय तक इस पद पर सेवाएं देने वाले डॉ सुनील चौहान आज सेवानिवृत्त हो गए।
डॉ सुनील चौहान ने करीब सात वर्षों तक पीएमओ के रूप में कार्य करते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने में अहम भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल को बेहतर प्रबंधन और सुधारात्मक प्रयासों के लिए याद किया जाएगा।
डॉ चौहान की सेवानिवृत्ति के साथ ही डॉ प्रेमचंद सैनी ने पीएमओ का कार्यभार संभाल लिया है, हालांकि औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण बुधवार को किया जाएगा। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में चिकित्सकों और स्टाफ की बड़ी संख्या मौजूद रही, जिन्होंने नए पीएमओ का स्वागत किया।
नवनियुक्त पीएमओ डॉ प्रेमचंद सैनी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता अलवर के सामान्य चिकित्सालय को प्रदेश के अग्रणी अस्पतालों में शामिल करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना, मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और व्यवस्थाओं में पारदर्शिता लाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
डॉ सैनी के नेतृत्व में अस्पताल में नई कार्यशैली और सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।