छत से गिरने से युवक की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम
अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के माचाड़ी कस्बे में एक व्यक्ति की छत से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर राजगढ़ थाना पुलिस तुरंत चिकित्सालय पहुंची और मामले की जानकारी लेकर शव को मोर्चरी में रखवाया।
मृतक के साथी छोटू जाटव ने बताया कि नदबई क्षेत्र के मल्हा गांव निवासी पुष्कर पुत्र कन्हैयालाल जाटव मजदूरी का कार्य करता था और शराब का सेवन करता था। बताया गया कि रात के समय वह छत से गिर गया, लेकिन उसे इसका पता नहीं चला। सुबह करीब 7 बजे जब वह उठा तो घर के पीछे घायल अवस्था में पड़ा हुआ मिला और होश में था।
इसके बाद छोटू जाटव ने ठेकेदार को सूचना दी। ठेकेदार और अन्य लोगों की मदद से घायल पुष्कर को तुरंत राजगढ़ चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।