अलवर पॉलिटेक्निक कॉलेज में यातायात जागरूकता कार्यशाला, छात्रों को सड़क सुरक्षा के नियमों की दी जानकारी
अलवर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मंगलवार को यातायात विभाग, महिला सलाह केंद्र और कॉलेज प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यशाला में ट्रैफिक इंस्पेक्टर संजय सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेते हुए छात्रों को सुरक्षित वाहन संचालन के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल के महत्व, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा ओवरस्पीडिंग से होने वाले खतरों पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सड़क पर छोटी-छोटी लापरवाहियां भी बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं, इसलिए सभी को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए। इस दौरान छात्रों ने यातायात से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका संतोषजनक जवाब दिया गया।
कार्यशाला में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और सभी ने यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।