भिवाड़ी में युवक पर हॉकी-पाइप से हमला, हाथ-पैर तोड़े; पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
खैरथल-तिजारा जिले के औद्योगिक शहर भिवाड़ी में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने रात के अंधेरे में युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना का वीडियो भी मंगलवार को सामने आया है।
पीड़ित शशांक कुमार, निवासी हनुमान नगर (तावडू, जिला नूंह, हरियाणा), भिवाड़ी के यूआईटी क्षेत्र स्थित हेतराम चौक पर “मिथुन मोबाइल” दुकान में काम करता है। शशांक के अनुसार, 11 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे वह दुकान से घर लौट रहा था। तभी आलमपुर मंदिर के पास एक बाइक सवार युवक उसका पीछा करने लगा।
सेक्टर-3 गर्ल्स स्कूल के पास पहुंचते ही आरोपी ने अपनी बाइक शशांक के आगे लगाकर उसे रोक लिया और फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में 4-5 युवक हॉकी और पाइप जैसे हथियार लेकर पहुंचे और शशांक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में शशांक का दाहिना हाथ टूट गया और दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया, साथ ही उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित का कहना है कि हमलावर तीन बाइकों पर सवार थे—दो प्लेटिना और एक स्प्लेंडर—जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। घटना का वीडियो भी उसके पास मौजूद है।
शशांक ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसने फूलबाग थाने में शिकायत दी, लेकिन न तो तुरंत एफआईआर दर्ज की गई और न ही उसका मेडिकल कराया गया। 24 मार्च तक कार्रवाई नहीं होने पर उसने भिवाड़ी एसपी को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई।
हालांकि, इस मामले में भिवाड़ी थाना अधिकारी सचिन शर्मा का कहना है कि अब एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाइट:पीड़ित
यह घटना भिवाड़ी में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है।