#Uncategorized

अलवर में ग्राम विकास अधिकारियों का प्रदर्शन, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नाराज़गी तेज

राजस्थान के अलवर जिले में ग्राम विकास अधिकारियों (ग्राम सेवकों) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार को मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की।

ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि लंबे समय से पदोन्नति नहीं होने के कारण कर्मचारियों में भारी असंतोष है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में करीब 2500 सहायक विकास अधिकारी, 250 अतिरिक्त विकास अधिकारी और 200 विकास अधिकारी के पद खाली पड़े हैं। इन पदों पर नियमित भर्ती या पदोन्नति करने के बजाय सरकार अतिरिक्त प्रभार देकर काम चला रही है, जिससे ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि संघ की कुल 11 प्रमुख मांगें हैं, जिनमें कैडर स्ट्रेंथन, वेतन विसंगति दूर करना और पारदर्शी तबादला नीति लागू करना शामिल है। इन मांगों पर सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के चलते विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 8 अप्रैल को जयपुर में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। इसके बाद 9 अप्रैल से सिविल लाइंस क्षेत्र में महापड़ाव शुरू किया जाएगा।

ग्राम विकास अधिकारियों ने कहा कि सरकार की अनदेखी के कारण निचले स्तर के अधिकारियों में गहरा रोष है और अब वे अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *