अलवर में बंदरों का आतंक: 5 साल के मासूम पर झुंड ने किया हमला, गंभीर घायल
अलवर से बड़ी खबर सामने आई है। बहाला स्टैंड स्थित सांखला गांव में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में एक पांच वर्षीय मासूम बालक पर बंदरों के झुंड ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार बालक अपने घर से पैदल दुकान पर सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक बंदरों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बंदरों ने बालक की कमर और हाथों पर गहरे घाव कर दिए।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों की नजर पड़ते ही उन्होंने तुरंत दौड़कर बालक को बंदरों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद परिजन घायल बालक को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
बालक के परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से बंदरों का आतंक बना हुआ है। कई लोग पहले भी इनके हमलों में घायल हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में रोष बना हुआ है।