अलवर के रसूलपुर में दर्दनाक हादसा: जोहड़ में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, कपड़े मिलने पर हुआ शक
अलवर के रसूलपुर में दर्दनाक हादसा: जोहड़ में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, कपड़े मिलने पर हुआ शक अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की जोहड़ में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चों के कपड़े जोहड़ के किनारे मिलने पर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद तलाश करने पर उनके शव पानी में मिले। जानकारी के अनुसार रसूलपुर निवासी पुरण बलाई के बेटे मनीष बलाई (15) और संदीप बलाई (12) रविवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर से जंगल में रह रही दादी के पास गए थे। दोपहर करीब ढाई बजे दोनों दादी के घर से लगभग 500 मीटर दूर बेवड़ी के बेर खाने के लिए निकल गए। इस दौरान खेतों में गेहूं काट रही मजदूर महिलाओं ने उन्हें वहां से भगा दिया, जिसके बाद दोनों बच्चे वहां से चले गए। बताया जा रहा है कि वहां से निकलने के बाद दोनों भाई पास के जोहड़ में नहाने उतर गए और गहरे पानी में डूब गए। शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह खेतों पर पहुंचे मजदूरों को जोहड़ के पास बच्चों के कपड़े दिखाई दिए।
इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। जब जोहड़ में देखा गया तो पानी में दोनों बच्चों के शव दिखाई दिए। सूचना मिलने पर लक्ष्मणगढ़ डीएसपी कैलाश जिंदल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पर प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधायक मांगेलाल मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रभारी मंत्री ने पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाया और प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। बाइट: इस दौरान बिलखती मां को सांत्वना देते हुए प्रभारी मंत्री ने परिवार को हिम्मत रखने की बात कही। दोनों बेटों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।