करौली कुंड में 50 वर्षीय महिला ने किया आत्महत्या का प्रयास, पारिवारिक तनाव की जांच में जुटी पुलिस…
अलवर शहर के अखैपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत करौली कुंड में गुरुवार को 50 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में आपसी आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार करौली कुंड निवासी भगवान दास की पत्नी सुभाष देवी गुरुवार को अपनी बेटी से मिलकर घर लौटी थीं। परिजनों के मुताबिक लौटने के बाद वह काफी तनाव में नजर आ रही थीं। कुछ समय बाद उन्होंने जहरीली दवा का सेवन कर लिया।
मृतका की पुत्रवधू का कहना है कि बेटी से मिलकर लौटने के बाद सुभाष देवी मानसिक रूप से परेशान थीं। वहीं मृतका की बेटी ने आरोप लगाया कि उसका भाई अभिषेक लंबे समय से मां के साथ मारपीट कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, जिससे परेशान होकर मां ने यह कदम उठाया।
बेटी ने यह भी बताया कि उसने पहले पति और बच्चों से अलग होकर दूसरा विवाह किया है, जिसको लेकर परिवार में विवाद बना रहता था। उसके अनुसार पूर्व पति को इस विवाह पर आपत्ति नहीं थी, लेकिन भाई लगातार उसे प्रताड़ित करता था।
सुभाष देवी के दो बेटे और एक बेटी हैं, तीनों का विवाह हो चुका है। उनके पति भगवान दास हरमल तोलानी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है और शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।