अलवर के जुनाखेड़ा में ऑनलाइन ठगी को लेकर खूनी संघर्ष, तीन लोग गंभीर घायल…
राजस्थान के राजस्थान के अलवर जिले के जुनाखेड़ा गांव में ऑनलाइन ठगी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल सद्दाम ने बताया कि गांव का ही रहने वाला मोहर्रम उर्फ फिरोज ऑनलाइन ठगी (टटलूबाजी) में लिप्त है और उसे झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर रहा था। इसी को लेकर उसने थाने में फिरोज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। सद्दाम के अनुसार, शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस गांव में आने वाली थी, लेकिन उससे पहले वह और उसका भाई गांव लौट आए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बाद आरोपी पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे और रिपोर्ट वापस लेने या पैसे देने का दबाव बनाने लगे। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मोसम, सब्बा, सहरूना, मेमूना और जाकर ने लाठी-डंडों से हमला किया। इतना ही नहीं, आरोपियों में से एक का पिता छत पर बंदूक लेकर चढ़ गया, जिससे गांव में दहशत फैल गई।
हमले में शब्बीर, सद्दाम और रवीना गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पीड़ितों का आरोप है कि फिरोज खुद ऑनलाइन ठगी करता है और उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की साजिश रच रहा था।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।