आसपुर में लेपर्ड का कहर: एक रात में 23 मेमनों की मौत, गांव में दहशत…
राजस्थान के डूंगरपुर जिले के आसपुर थाना क्षेत्र में लेपर्ड के आतंक से ग्रामीणों में भय का माहौल है। बीती रात आसपुर के पाड़लाजानी गांव में लेपर्ड ने भेड़ों के बाड़े पर हमला कर दिया, जिसमें 23 मासूम मेमनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 मेमने गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना का पता उस वक्त चला, जब सुबह पशुपालक रूपा गय़ारी अपने बाड़े में पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर वे स्तब्ध रह गए। रूपा गय़ारी रोज की तरह अपनी करीब 230 भेड़ों को चराने जंगल गए थे और बाड़े में 27 मेमनों को सुरक्षित बांधकर छोड़ गए थे। रात के अंधेरे में लेपर्ड ने बाड़े में घुसकर ताबड़तोड़ हमला किया और 23 मेमनों को मौत के घाट उतार दिया।
इस हमले से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही आसपुर थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की रेंजर सोनम मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बाड़े के आसपास लेपर्ड के पंजों के निशान मिले, जिससे हमले की पुष्टि हुई है।
वन विभाग की ओर से पीड़ित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। गांव में लेपर्ड की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द लेपर्ड को पकड़ने या सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है, ताकि वे और उनके पशु सुरक्षित रह सकें।