#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

तिजारा के काजीवाड़ा मोहल्ले में महिला की संदिग्ध मौत, पीहर पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप…

तिजारा थाना क्षेत्र के काजीवाड़ा मोहल्ले में शुक्रवार को 38 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, काजीवाड़ा मोहल्ला निवासी काशीदा पत्नी असलम शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद अपने पति के साथ खेत की ओर गई थी। इसी दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए पहले एक निजी अस्पताल और फिर राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के छह बच्चे हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पति असलम का कहना है कि काशीदा ने किसी प्रकार का जहरीला पदार्थ सेवन नहीं किया था और उसकी तबीयत अचानक खराब हुई थी।

वहीं, मृतका के पीहर पक्ष का आरोप है कि असलम पहले भी काशीदा के साथ मारपीट करता था और उसके किसी अन्य युवती के साथ अवैध संबंध थे। परिजनों को आशंका है कि काशीदा की हत्या की गई है।

मृतका के ताऊ ने बताया कि असलम कोई काम-धंधा नहीं करता था और घर का खर्च काशीदा तकिया बनाने का काम कर चलाती थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर रिपोर्ट सुरक्षित रख ली है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *