#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

खाद्य सुरक्षा विभाग की खेड़ली में बड़ी कार्रवाई: आटा, मसाले, टोस्ट और घी के नमूने लिए, 2 हजार किलो से ज्यादा आटा जब्त

अलवर जिले के खेड़ली कस्बे में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए और भारी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की गई।

हिंडौन फाटक के बाहर स्थित आटा निर्माण इकाई चंद्र एग्रो सीड्स कंपनी से आटे का नमूना लिया गया। मिलावट की आशंका के चलते 50 किलो पैकिंग के 29 कट्टे और 10 किलो पैकिंग के 70 कट्टे, कुल करीब 2150 किलो आटा जब्त किया गया।

पुरानी मंडी स्थित दामोदर लाल ओमप्रकाश से हल्दी और मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए। इसी तरह जवाहर चौक, स्टेशन रोड पर संचालित सतनारायण धर्मचंद प्रतिष्ठान से भी हल्दी और मिर्च पाउडर के सैंपल लिए गए।

बायपास रोड स्थित ब्रेड-टोस्ट निर्माण इकाई सांवरिया एंटरप्राइजेज से टोस्ट का नमूना लिया गया। मिलावट की आशंका पर करीब 2590 पैकेट टोस्ट जब्त किए गए।

बजाजा बाजार में बाबूलाल जिनेंद्र कुमार से मसालों और घी के नमूने लिए गए, वहीं 35 लीटर घी को जब्त किया गया। इसके अलावा बाजार क्षेत्र की सतीश डेयरी से भी घी का सैंपल जांच के लिए एकत्र किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी नमूने प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *