दौसा में NH-21 पर भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रहे 6 दोस्तों की मौत, हाईवे पर लगा लंबा जामकैलाई के पास कार और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर
दौसा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-21 पर कैलाई के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
6 युवकों की मौत, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे में कार सवार छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। चार घायलों को तत्काल सिकंदरा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने लोकेश पुत्र गोवर्धन योगी, दिलखुश पुत्र बनवारी योगी, मनीष पुत्र हरिमोहन योगी और अंकित पुत्र लालाराम बैरवा (सभी निवासी कालाखोह) को मृत घोषित कर दिया।
दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दौसा जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां समय पुत्र रामसिंह योगी को मृत घोषित किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल नवीन पुत्र महेश योगी को जयपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सभी युवक आभानेरी के रानी का बास गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात कार्यक्रम से लौटते समय उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। सभी मृतक दौसा जिले के कालाखोह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे-21 पर यातायात बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाया और यातायात सुचारु कराया। शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सिकंदरा थाने में तैनात एएसआई हेमराज गुर्जर के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
यह हादसा क्षेत्र में शोक की लहर छोड़ गया है। एक ही गांव के छह युवकों की मौत से परिवारों और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।