#देश दुनिया #राज्य-शहर

सरिस्का साहित्य संवाद: 16–17 फरवरी को अलवर में होगा द्विदिवसीय सांस्कृतिक साहित्य महोत्सव

अलवर। रिवाज रिसॉर्ट, कंपनी बाग (अलवर) में आगामी 16–17 फरवरी को आयोजित होने जा रहे “सरिस्का साहित्य संवाद” के प्रथम सांस्कृतिक साहित्य महोत्सव के तहत पोस्टर विमोचन एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजन समिति ने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और प्रमुख आकर्षणों की जानकारी दी।

आयोजकों के अनुसार, दो दिवसीय यह महोत्सव प्रकृति और साहित्य के समन्वय पर आधारित होगा, जिसका उद्देश्य साहित्य, संस्कृति और विचारों के सार्थक संवाद को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के अंतर्गत डॉक्यूमेंट्री स्क्रीनिंग, साहित्यिक परिचर्चाएं तथा “मीडिया, साहित्य एवं समाज” विषय पर विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी। साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक विशेष विमर्श भी होगा।

महोत्सव में विभिन्न कार्यशालाओं और साहित्यिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आयोजन समिति का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य साहित्य को प्रकृति और संस्कृति के माध्यम से समाज के केंद्र में स्थापित करना तथा युवा पीढ़ी को सृजनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त मंच प्रदान करना है।

कार्यक्रम का समापन 17 फरवरी की प्रातः “सरिस्का वॉक” के साथ होगा। इस पदयात्रा के दौरान प्रतिभागी सरिस्का क्षेत्र और पांडुपोल हनुमान मंदिर तक प्रकृति के सान्निध्य में भ्रमण करेंगे।

प्रेस वार्ता में समिति ने साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से महोत्सव में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया तथा मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

पोस्टर विमोचन समारोह में प्रशांत यादव , कपिल शर्मा, नागेंद्र, नरेंद्र, विजय यादव, संदीप योगी, सुंदर पांचाल, प्रभात मिश्रा सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *