#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

नीम के पेड़ को लेकर विवाद में चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार…

अलवर जिले के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र के बेरे गांव में नीम के पेड़ की टहनी काटने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चार दिन पहले हुए इस घटनाक्रम में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। अब पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी फकरुद्दीन पुत्र छोटा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर अपने चचेरे भाई बली की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने का आरोप है। घटना में मृतक के बेटे सहित तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए थे।

मृतक के बेटे अकरम हुसैन निवासी बेरे गांव ने बताया कि उनके हिस्से में आने वाले नीम के पेड़ की डालियां फकरुद्दीन और उसके बेटों ने काट दी थीं। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। अगले दिन फकरुद्दीन अपने बेटों व परिजनों के साथ दोबारा पेड़ काटने पहुंचा। जब बली ने इसका विरोध किया तो फकरुद्दीन ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के भाई इमामुद्दीन ने बताया कि घर और खेत के पास स्थित नीम का पेड़ बली के हिस्से में था, लेकिन फकरुद्दीन जबरन उसे काटना चाहता था। पिछले कई दिनों से इस बात को लेकर विवाद चल रहा था, जो आखिरकार हिंसक झगड़े में बदल गया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *