खैरथल में शादी की तैयारी के दौरान करंट हादसा, टेंट लगाते समय मजदूर की मौत, एक गंभीर घायल…
खैरथल थाना क्षेत्र के मातौर गांव में शादी समारोह की तैयारियों के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टेंट लगाने के दौरान लोहे की पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी विद्युत लाइन से टकरा गई, जिससे करंट फैल गया। इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
एएसआई लक्ष्मणदास ने बताया कि मातौर गांव में जिंदोली में कार्यरत पंचायत सेक्रेटरी उर्मिला देवी की बेटी की 10 फरवरी को शादी है। इसी को लेकर मातौर निवासी राकेश उर्फ संजू जाट की ओर से टेंट लगाने का कार्य चल रहा था।
टेंट लगाते समय मजदूर नितिन पुत्र जगदीश प्रसाद निवासी कल्याणपुर (बानसूर) और मोनू पुत्र रामजीलाल जाटव निवासी मातौर लोहे की पाइप लगा रहे थे। इसी दौरान पाइप 11 हजार केवी की बिजली लाइन से छू गई, जिससे दोनों को तेज करंट लग गया और वे गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने दोनों को सेटेलाइट हॉस्पिटल खैरथल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। वहीं मोनू की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल इस मामले में कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके खैरथल पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।