#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

अलवर बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव बोले– न्याय व्यवस्था की रीढ़ हैं वकील

अलवर बार एसोसिएशन के चुनाव संपन्न होने के करीब दो महीने बाद नव-निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि वकील न्याय व्यवस्था का एक अहम और मजबूत स्तंभ हैं।

उन्होंने कहा कि वकीलों की भूमिका केवल मुकदमे लड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि न्यायपालिका के प्रति सम्मान बनाए रखना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि न्यायपालिका की यह जिम्मेदारी है कि वकीलों को बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष सुनवाई का अवसर मिले।

भूपेंद्र यादव ने कहा कि एक वकील का ईमानदार और निष्पक्ष होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वकील बनना अपेक्षाकृत आसान है, लेकिन एक अच्छा वकील बनकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना सबसे कठिन कार्य होता है। एक अच्छा वकील वही होता है जो अपने तर्क प्रभावी ढंग से रख सके, अपनी बात स्पष्ट रूप से समझा सके, जिसकी स्मरण शक्ति अच्छी हो, समाज और व्यवहार की समझ रखता हो तथा न्यायाधीश की सोच को भी समझ सके।

उन्होंने कहा कि देश की न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में वकीलों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन नए कोर्ट भवन में वकीलों के लिए बेहतर चेंबर बनाए जाने का आश्वासन भी दिया और कहा कि यदि किसी प्रकार की कोई कमी रह जाए तो उसकी जानकारी दी जाए।

शपथ ग्रहण समारोह में बार एसोसिएशन अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह चौहान, महासचिव रामकिशन गुर्जर, उपाध्यक्ष सुधीर यादव, संयुक्त सचिव जयश्री चौधरी, कोषाध्यक्ष अनिल शर्मा, पुस्तकालय सचिव सीमा मुखीजा सहित कार्यकारिणी सदस्य अजय कौशिक, विशाल ढिल्लो, किरण सैनी, लक्ष्य मीमरोट और पूनम यादव ने शपथ ली।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *