खैरथल-तिजारा में दिल दहला देने वाली घटना, पागल कुत्ते ने 4 साल के मासूम को 100 मीटर तक घसीटा
खैरथल-तिजारा जिले के माचा गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां घर के बाहर खड़े चार वर्षीय मासूम पर पागल कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। कुत्ता बच्चे को जबड़े में दबाकर करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। घटना के समय बच्चे की मां पास में ही मौजूद थी, लेकिन कुत्ते की अत्यधिक आक्रामकता के कारण वह बच्चे को बचा नहीं सकी।
मां की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। खून से लथपथ हालत में घायल बच्चे को पहले किशनगढ़ बास अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अलवर जिला अस्पताल में बच्चे के सिर में कुल सात टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा पलकों, हाथ की उंगलियों और बाजू पर भी कई टांके आए हैं। फिलहाल मासूम का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
घायल बच्चे के चाचा मुबारिक ने बताया कि असवाल पुत्र राहुल शाम करीब 6 बजे घर के बाहर खड़ा था, तभी अचानक एक पागल कुत्ता आया और उस पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि कुत्ता अभी तक पकड़ में नहीं आया है और गांव में खुलेआम घूम रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।