T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत–पाक मैच विवाद ने लिया खतरनाक मोड़
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत और पाकिस्तान के संभावित मुकाबले को लेकर चल रहा विवाद अब क्रिकेट तक सीमित नहीं रह गया है। पाकिस्तान द्वारा मैच के बहिष्कार की बात कहे जाने और उस पर ICC की सख्त प्रतिक्रिया के बाद यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीर होता दिखाई दे रहा है।
पाकिस्तानी यूट्यूबर के वीडियो से मचा बवाल
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इस विवाद को और भड़का दिया है। यह वीडियो पाकिस्तानी यूट्यूबर अर्सलान नासिर का बताया जा रहा है, जिसमें वह ICC और BCCI को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
ICC ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी का आरोप
करीब 15 मिनट लंबे इस वीडियो में यूट्यूबर पर आरोप है कि उसने ICC ऑफिस को बम से उड़ाने जैसी धमकी भरी बातें कहीं। वीडियो को ‘कॉमेडी’ और ‘क्रिकेट रिव्यू’ के टैग के साथ अपलोड किया गया है, लेकिन उसकी भाषा और लहजा बेहद आक्रामक बताया जा रहा है। कई यूजर्स का कहना है कि ऐसे बयानों को मज़ाक के तौर पर नहीं लिया जा सकता।
भारतीय क्रिकेटरों पर की गई टिप्पणियों से बढ़ी नाराजगी
वायरल वीडियो में भारतीय क्रिकेट से जुड़े कुछ बड़े नामों को भी निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। खासतौर पर भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर की गई टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर कड़ी आपत्ति जताई जा रही है। कई लोगों ने इसे मर्यादा और खेल भावना के खिलाफ बताया है।
सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग तेज
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने ICC और संबंधित एजेंसियों से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट संगठनों और खिलाड़ियों को लेकर इस तरह के बयान न केवल गलत हैं, बल्कि सुरक्षा के लिहाज़ से भी गंभीर चिंता पैदा करते हैं।